Skip to main content

ज़रूरी है

वज़्न -1222 1222 1222 1222

            #ग़ज़ल

सहर से शाम तक सूरज सा चलना भी जरूरी है,
निकलना भी ज़रूरी है कि ढलना भी ज़रूरी है ।

सितारे शम'अ जुगनू चाँद ने मिल रात रोशन की,
हुकूमत शम्स की कुछ दिन बदलना भी ज़रूरी है ।

चिरागाँ कर लिया बाहर मगर अंदर अंधेरा है,
दिया इक इल्म का दिल में तो जलना भी ज़रुरी है ।

जिन्हें हसरत हो बादल की वो पहले धूप तो चख लें,
सुकून ओ छांव  गर चाहो तो जलना भी ज़रूरी है ।

बुलंदी ठीक है लेकिन जहां अपनों से मिलना हो,
वहां झरनों सा पर्वत से फिसलना भी ज़रूरी है ।

मोहब्बत माँ की आला पर फ़रोग़ ए आल की ख़ातिर,
इन्हें वालिद की नज़रों से दहलना भी ज़रूरी है ।

अगर हर चाह पूरी हो तो जीने में मज़ा ही क्या,
अधूरी 'आरज़ू' दिल में मचलना भी ज़रूरी है ।

   -अंजुमन 'आरज़ू' ©✍
15/10/2019

Comments