Skip to main content

मैं औरत हूँ

वज़्न - 1222 1222 1222 1222

               ग़ज़ल

नज़ाकत हूँ तमाज़त हूँ इबादत हूँ मैं औरत हूँ,
मुसन्निफ़ रब है जिसका वो इबारत हूँ मैं औरत हूँ ।

हक़ीक़त हूँ अक़ीदत हूँ मसर्रत हूँ मैं औरत हूँ,
मुझे है नाज़  ख़ुद पर मैं वजाहत हूँ मैं औरत हूँ ।

मिले सौगात में नफ़रत का सहरा चाहे रिश्तों से,
रवाँ कौसर सा दरिया-ए-मुहब्बत हूँ मैं औरत हूँ ।

बड़े कमज़र्फ़ हैं वो जो कहें दोजख़ का दर मुझको, 
समझना मत मुझे कमतर मैं जन्नत हूँ मैं औरत हूँ ।

बिना मेरे ये दुनिया दो क़दम भी बढ़ नहीं सकती,
मैं माज़ी, हाल मुस्तकबिल की रग़बत हूँ मैं औरत हूँ ।

लगाओ तोहमतें  इस कद्र मत इस्मत पे ए लोगो,
हूँ माँ ईशा की मरियम सी नफ़ासत हूँ मैं औरत हूँ ।

हवा वो दिन हुए जब मैं फ़क़त महदूद थी घर तक,
ज़मीं अंबर समंदर की मैं वुस'अत हूँ मैं औरत हूँ ।

किया सजदा हिमालय ने मेरी हिम्मत को झुक झुक के,
वतन की सरहदों की मैं हिफाज़त हूँ मैं औरत हूँ ।

मुअत्तर है मेरा किरदार ये रब की इनायत है,
करें गुल 'आरज़ू' जिसकी वो निकहत हूँ मैं औरत हूँ ।

   -अंजुमन 'आरज़ू' ©®✍
08/03/2020
छिंदवाड़ा मप्र

__________________

अदक़ लफ़्ज़ :-

नज़ाकत = कोमलता
तमाज़त  = तेज़ी, तीव्रता
मुसन्निफ़ = लेखक
अकीदत = श्रद्धा
मसर्रत   = प्रसन्नता 
वजाहत  = प्रतिष्ठा, आब ओ ताब
सहरा     = मरुस्थल
रवाँ        = प्रवाह बहाव
कौसर    = स्वर्ग की एक नदी
रग़बत    = चाह
इस्मत    = सतीत्व, सम्मान
नफ़ासत = पवित्रता
महदूद    = सीमित
वुस'अत  = विस्तार, फैलाव
मुअत्तर   = खुशबूदार 
निकहत  = महक खुशबू

Comments